31.7.07

शब्दकोष, गूगल पट्टी में

अक्षरमाला मञ्च की यह चर्चा बता रही है कि http://toolbar.google.com/buttons/add?url=http://www.aksharamala.com/e2h.xml पर चटका लगाने से आपकी गूगल उपकरण पट्टी में यह शब्दकोष बस जाएगा। फिर, किसी भी अङ्ग्रेज़ी शब्द का हिन्दी अनुवाद पाने के लिए गूगल पट्टी में शब्द प्रविष्ट करें और पट्टी पर नए पैदा हुए "हि" पर चटका लगाएँ।

गूगल अक्षरमाला

चटका लगाने से सीधे परिणाम पृष्ठ पर पहुँचेंगे, जहाँ शब्दार्थ मिलेगा। इसी प्रकार की सुविधा तेलुगु के लिए भी उपलब्ध है। फ़ायर्फ़ोक्स के दाएँ कोने वाले खोज बक्से में चीज़े जोड़ने के लिए भी ऐसा ही कुछ करना होता है, याद नहीं क्या।

30.7.07

सैल गुरु

यूँ तो वैसे ही घर बार से सम्बन्धित हिन्दी में जालस्थल बहुत ही कम हैं, अतः सॅल फ़ोनों व उनके सहायक उपकरणों से सम्बन्धित स्थल देख कर खुशी हुई। अक्सर दुकानों में जाने पर यह पूछने पर कि इस फ़ोन में हिन्दी है क्या? पहले तो लोग ऐसे घूरते थे जैसे कि लङ्गूर हूर खोज रहा हो, अब कम से कम दुकानदार लोग डब्बा अलट पलट के बता देते हैं, लेकिन फिर भी कई दुकान वाले डब्बा खोलने से इन्कार कर देते हैं अतः यह पता ही नहीं लग पाता कि फ़ोन में हिन्दी है या नहीं, और है तो किस हद तक। वैसे यह स्थल सामूहिक चिट्ठा भी बन सकता है, अब किसी भी एक व्यक्ति के पास सभी फ़ोन तो नहीं होंगे। पता नहीं ब्लॉगर में मध्यस्थता की सुविधा है या नहीं। वैसे टिप्पणियों में लिखा है कि हिन्दी की सुविधा के बारे में भी जानकारी दें।

23.7.07

फ़्लिकर वालों को लिखिए, उनकी हिन्दी खोज नहीं चलती है

फ़्लिकर, जो याहू की सम्पत्ति है, और तस्वीरें चढ़ाने और उनमें खोजने का जालस्थल है, हिन्दी की चिप्पियों और सामग्री में खोज ही नहीं कर पाती है। इसलिए उन्हें लिखा है, अङ्ग्रेज़ी में, पता नहीं उन्हें हिन्दी आती है कि नहीं।
देवनागरी की चिप्पियों पर खोज काम नहीं करती है। उदाहरणार्थ, इस चिप्पी बादल में मौजूद चिप्पियों को देखें। अब इनमें से किसी एक देवनागरी चिप्पी पर खोज करने की कोशिश करें - जैसे कि संयुक्तराज्य पर - खोज में कोई तस्वीरें नहीं दिखती हैं जबकि ऐसी सार्वजनिक तस्वीरें मौजूद हैं और यह खाता भी सार्वजनिक खोज के लिए मञ्जूर हो चुका है। मञ्च में खोज करने से पता चला कि यह समस्या आपको ज्ञात है। क्या आपने इसे ठीक करने के लिए किसी को लगाया है?
चीनी जापानी वालों को भी यह समस्या आई थी, पर उन्होंने लड़ झगड़ के, डरा धमका के इसे ठीक करवाया। लगता है कि देवनागरी के लिए भी यही करना पड़ेगा। पहले विनम्रता से। फिर और अधिक विनम्रता से :) यदि आप फ़्लिकर का इस्तेमाल करते हों और देवानागरी में खोज लागू करवाना चाहते हैं, तो कृपया सत्रारम्भ करके उनके मञ्च पर लिखें

19.7.07

ब्लॉगर का स्थल अब हिन्दी में

ब्लॉगर पहले ही १७ भाषाओं में उपलब्ध था, अब १९ और भाषाओं में आ गया है, और उनमें से एक है हिन्दी भी। मुबारक हो! हिन्दी में चिट्ठे तो पहले भी लिखे जा सकते थे, इसके जरिए आप ब्लॉगर के स्थल का इस्तेमाल भी कर पाएँगे, यदि केवल हिन्दी मालूम हो तब भी। लेकिन लगता है कि मुख पृष्ठ के अलावा और चीज़ों का अनुवाद अभी नहीं हुआ है। अरे नहीं, मैं गलत था। सत्रारम्भ करने के बाद यह पन्ना आता है, अङ्ग्रेज़ी में - ब्लॉगर डॅश्बोर्ड अङ्ग्रेज़ी में लेकिन इसी पन्ने पर बदल के हिन्दी किया जा सकता है - ब्लॉगर डॅश्बोर्ड हिन्दी में और यह रही इस बारे में गूगल की ओर से ही सूचना। तो इन्तज़ार किस बात का है? भाषा बदलिए और आनन्द लीजिए